
भोपाल। इस दीपावली पर स्वदेशी अपनाने की मुहिम पूरे जोर पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का असर अब शहर की गलियों और बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है। गौहर महल में चल रहे रानी कमलापति सांसद स्वदेशी मेले में मिट्टी, खादी और हस्तनिर्मित वस्तुओं की धूम मची हुई है।
मेले में मिट्टी के दीये, खादी के परिधान, हस्तनिर्मित सजावटी सामान और मिट्टी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। यहां स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की शपथ भी दिलाई जा रही है।
इधर, बिट्ठन मार्केट में भी स्वदेशी उत्पादों की रौनक है। यहां बुदनी से लाया गया लकड़ी का रामायण सेट, खजूर की रस्सियां, बांस की टोकरी, खादी के कुर्ते और हस्तनिर्मित खिलौने खूब बिक रहे हैं। मिट्टी के दीये बेचने वाली उर्मिला पटेल बताती हैं कि इस बार लोगों का रुझान देशी दीयों की ओर बढ़ा है और बिक्री भी बेहतर रही है।
