सीवरेज के लिए सड़क खोदकर छोड़ दी कच्ची

इंदौर: हमेशा देखने में आया है कि नगर निगम द्वारा शहर में जब भी विकास कार्य किया जाता है तो कई जगह उसे अधूरे में ही छोड़ दिया जाता है जिसके चलते आमजन को कई परेशानियों से गुज़रना पड़ता है. जिम्मेदार आकर झांकते तक नहीं. शिकायत करने के बावजूद निराकरण नहीं हो पाता.राज मोहल्ला खालसा कॉलेज के पीछे बसा पंचमूर्ति नगर जो कि वार्ड क्रमांक 70 में आता है. कहीं छोटी तो कहीं तंग गलियों में बसे पंचमूर्ति नगर में चेंबर और सीवरेज लाईन की बड़ी समस्या थी. क्षेत्रवासी इससे उठने वाली समस्याओं से परेशान थे.

कई वर्षो बाद पंचमूर्ति नगर में पांच माह पूर्व सीवरेज लाइन का कार्य किया गया था जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली थी. लेकिन सीवरेज लाइन कार्य पूरा होने के बाद रहवासियों की परेशानी और बढ़ गई. गली नंबर तीन के रहवायिसों से बात करने पर ज्ञात हुआ कि सीवरेज लाईन डालने के लिए आरसीसी से निर्मित पक्की सड़क को खोदा गया जिसे दोबारा बनाया नहीं गया. क्षेत्र की सड़कें जर्जर स्थिति में है. लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. हर तरफ गंदगी और कीचड़ फैला रहता है. विकास के इस अधूरे कार्य से एक-दो गलियों में नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में समस्या बनी हुई है.

इनका कहना है
लोग परेशान हो रहे हैं. बरसात में कीचड़ हो जाता है. लोगों के वाहन फंस जाते हैं. पैदल चलने वालों के लिए तो और भी मुसीबत हो जाती है. यह कार्य जल्द से जल्द होना चाहिए.
– गुलाबचंद
पक्की सड़क थी तो क्षेत्र साफ सुथरा रहता था. अब जर्जर सड़क के कारण गंदगी फैली रहती है. जब सीवरेज लाईन का कार्य शुरू हुआ था तब हमें कहा गया था सड़क को दोबारा जल्द बनाएंगे.
– बंटू चौहान
आते-जाते बच्चे गिरते है. आए दिन कोई न कोई बुजुर्ग गिरकर घायल हो जाता है. करीब छः महीने हो चुके हैं. अधिकारी आते है देखकर चले जाते हैं. करता कोई कुछ नहीं.
– मदनलाल जगताप

दशहरे बाद किया जाएगा काम
सीवरेज लाइन डालने के बाद ही सड़क कार्य होना था लेकिन ठेकेदार को पेमेंट नहीं होने के कारण उसने काम बंद कर दिया. पूरी कोशिश रहेगी की दशहरे के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
– भरत सिंह रघुवंशी, पार्षद

Next Post

दशहरा मैदान और चिमदनबाग मैदान पर 111 फीट ऊंचे रावण का दहन

Thu Oct 2 , 2025
इंदौर: शहर में गुरुवार को विजयादशमी पर्व पर विभिन्न स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा. मुख्य कार्यक्रम दशहरा मैदान और चिमनबाग महोत्सव समिति  द्वारा आयोजित होगा. दशहरा मैदान और चिमनबाग मैदान पर 111 ऊंचे रावण का निर्माण किया गया है. इसी तरह दोनो जगहों पर 250 फीट लंबी लंका निर्मित […]

You May Like