
नीमच। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने जिला चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर की ओपीडी में 60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों के लिए एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ आने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बुजुर्गों को व्यापक चिकित्सा लाभ और तत्काल उपचार प्रदान करना था।
सुबह से ही बड़ी संख्या में वृद्ध महिला और पुरुष अपनी जांच करवाने और इस विशेष सुविधा का लाभ लेने के लिए ट्रामा सेंटर पहुँचे। शिविर में बुजुर्गों के लिए रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), फैटी लिवर, टीबी, कैंसर और आंखों की जाँच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इसके अतिरिक्त, नेत्र रोग विशेषज्ञ और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा भी जाँच और उपचार प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने बुजुर्गों से आने वाली सर्दियों में एहतियात बरतने की सलाह दी।
एन.सी.डी. (गैर संचारी रोग) के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि वृद्धावस्था में हड्डियां कमजोर होने, सांस लेने में दिक्कत, चलने में परेशानी और रक्तचाप बढऩे जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया गया, ताकि वृद्धजनों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श और चिकित्सा मिल सके।
डॉ. यादव ने शिविर में उपस्थित सभी बुजुर्गों को आवश्यक परामर्श दिया, जिसका लाभ लेने के लिए कई वृद्धजन उपस्थित रहे और अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। यह पहल वृद्धजनों के स्वास्थ्य के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
