इंदौर:यातायात पुलिस की चौकसी से देर रात बड़ा हादसा टल गया. एक स्टाफ बस का चालक शराब के नशे में धुत होकर बस लेकर नो-एंट्री क्षेत्र में घुसा. महिला आरक्षक से लेकर सूबेदार तक टीमवर्क दिखाते हुए पुलिस ने बस को रोककर चालक को पकड़ लिया.देर रात करीब 8 बजे बापट चौराहे से मारुति नगर कट पर एक स्टाफ बस पहुंची.
ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक बुलबुल ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बस नहीं रोकी और जबरन नो-एंट्री में घुस गया. आरक्षक ने तुरंत अगले प्वाइंट पर तैनात उप निरीक्षक सुरेश गौर को सूचना दी. गौर ने भी बस रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं माना. इसके बाद वायरलेस के जरिए सूबेदार अरुण सिंह को सूचना दी गई. उन्होंने आरक्षक विष्णु सिंह के साथ मिलकर एक्सिस बैंक तिराहे पर बैरिकेड लगाकर बस को रोका.
बस चालक को जैसे ही उतारा गया, उसके मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी. मौके पर पहुंचे यातायात एसीपी जगदीश पाटिल को स्थिति बताई गई. हीरानगर थाने की बीट पुलिस को मौके पर बुलाकर चालक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें 162.5 mg/100ml शराब की मात्रा पाई गई. इसके बाद बस को जप्त कर थाने में खड़ा कराया और चालानी कार्रवाई की.
