ब्यावरा। नगर के मैन मार्केट सहित बाजार में अव्यवस्थाओं के हाल इस कदर बदहाल है कि यहां कोई विद्युत फाल्ट होने पर मौके तक विद्युत विभाग का वाहन नहीं पहुंच पाता है. वाहन को काफी दूर पुराना ए.बी.रोड पर खड़ा कर कर्मचारी मौके पर पहुंचते है. आये दिन इस तरह की समस्या निर्मित हो रही है. दुर्भाग्य से यदि कभी इमरजेंसी के दौरान फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस को मैन मार्केट, चूड़ी बाजार तक पहुंचना पड़े तो यह कैसे संभव होगा.
दिन के समय मैन मार्केट, सुठालिया रोड, गांधी चौक, चूड़ी बाजार तक पहुंचना काफी मुश्किलों भरा होता है. वाहन, ठेले खड़े रहने, दुकानों के आगे सामान रखा होने से सडक़ काफी सकरी हो जाती है. ऐसे में दुपहिया वाहन, पैदल निकलना भी काफी दिक्कतों भरा होता है. इस बीच यदि विद्युत पाले, केबल आदि में कोई फाल्ट हो जाता है तो उसे दुरस्त करने जब विद्युत विभाग के कर्मचारी वाहन लेकर पहुंचते है तो उनका वाहन को भी मैन मार्केट में भीतर पहुंचने की जगह नहीं होती है, जिसके चलते वाहन को पुराना ए.बी.रोड पर ही खड़ा कर कर्मचारी मौके पर पहुंचते है.
गुरुवार की दोपहर करीब 4 बजे सुठालिया रोड पर विद्युत फाल्ट होने पर जब पीकअप वाहन लेकर विद्युत विभाग का अमला फाल्ट को दुरस्त करन पहुंचा तो मैन मार्केट में से वाहन को निकालने की जगह नहीं होने पर पीपल चौराहा के यहां ही वाहन को खड़ा कर कर्मचारी मौके तक पहुंचे. इसी तरह 6 अक्टूबर की शाम 7.30 बजे चूड़ी बाजार में केबल जलने पर जब मरम्मत का कार्य करने अमला पहुंचा तो भी वाहन वहां तक नहीं जाने के कारण पुराना ए.बी.रोड पर ही वाहन को खड़ा करना पड़ा.
