
भोपाल: सीएम डॉ मोहन यादव ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत टैक्सी सेवा में शुरू की गई सारथी दीदी पहल प्रदेश में महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का नया प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्वावलंबी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत महिला चालक प्रशिक्षण प्राप्त कर टैक्सी सेवा से जुड़ेंगी, जिससे एक ओर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर महिला यात्रियों को सुरक्षित परिवहन का भरोसा भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है और ‘सारथी दीदी’ उसी कड़ी का विस्तार है।डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि यह पहल न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी बनेगी।
