रीवा: सहायक आयुक्त एवं राजस्व अधिकारी रामनरेश तिवारी के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा संपत्तिकर के बड़े बकायादारों के विरुद्ध अधिहरण/कुर्की की कार्रवाई निरंतर जारी है.बार-बार सूचना दिए जाने एवं अंतिम सूचना पत्र जारी होने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले करदाताओं के विरुद्ध नगर निगम द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में शुक्रवार को जोन क्रमांक 01 नगर निगम की राजस्व टीम अधिहरण/कुर्की की कार्रवाई के लिए पहुंची, जहां कार्रवाई के दौरान संबंधित सभी बकायादारों द्वारा मौके पर ही बकाया राशि नगर निगम कोष में जमा करा दी गई.
कार्रवाई के प्रथम चरण में जोन क्रमांक 01 वार्ड क्रमांक 38 में शिवकुमार चतुर्वेदी, कौशल प्रसाद एवं सरस्वती खरे बकाया राशि कुल 120764 रुपये नगर निगम कोष में जमा कराई गई. नगर निगम द्वारा बताया गया कि संबंधित करदाताओं को बकाया संपत्तिकर जमा करने के लिए समय-समय पर सूचना दी गई थी. इसके बावजूद निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 के प्रावधानों के तहत धारा 173 एवं धारा 174 की नोटिस जारी कर अंतिम सूचना पत्र जारी किए गए. निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं किए जाने के कारण नियमानुसार अधिहरण/कुर्की की कार्रवाई की जा रही है.
