इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा की सहजता और संवेदनशीलता आज फिर सामने आई. जनसुनवाई में अपनी पारिवारिक समस्या को लेकर पहुंची बुजुर्ग महिला की अनचाही समस्या का भी हाथों-हाथ निराकरण हो गया.कलेक्टर शिवम वर्मा के पास अपनी समस्या लेकर आई बुजुर्ग महिला अंबिका वर्मा ने बताया कि वे अपने पुत्रों और बहुओं से परेशान है. बातचीत में कलेक्टर श्री वर्मा को बुजुर्ग महिला की सुनने की क्षमता कम दिखाई दी.
बुजुर्ग महिला से पूछा की उन्हें सुनने में समस्या आती है? महिला ने बताया कि हाँ, मुझे सुनने में भी परेशानी आती है. कलेक्टर ने तुरंत ही श्रवण यंत्र मंगाकर महिला को उपलब्ध कराया. अपने जीवन से जुड़ी इस समस्या के हल होते से ही महिला बेहद खुश हुई और कलेक्टर को दुआएं देने लगी. कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने महिला को आश्वस्त किया कि उसकी मूल समस्या का भी सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा.
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन को दर्ज किया जाए. आवेदकों को बैठाकर इत्मिनान से उनकी समस्याएं सुनकर सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित करें। जो समस्याएं हाथो-हाथ निराकृत नहीं हो सकती है, उनके निराकरण की समयसीमा तय की जाए. इसी तरह एक आवेदक गोविन्द भी अपनी समस्या लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुँचा. उसने बताया कि मैं अनाथ हूँ और जीवन यापन का कोई सहारा नहीं है। कलेक्टर श्री वर्मा ने उक्त युवा की समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने बड़ी संख्या में आवेदकों को अपने समक्ष बैठाकर सहजता के साथ उनकी समस्याओं को सुना और यथोचित निराकरण किया
