विदिशा। कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया हनुमान मंदिर रोड इलाके में रविवार रात करीब 11 बजे एक बुजुर्ग महिला के घर में लूट की वारदात हुई। नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक की नोक पर सोना-चांदी के गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए। यह घटना बजरिया हनुमान मंदिर रोड के तोपपुरा इलाके में चौकसे परिवार के घर में हुई।
बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला गीता बाई चौकसे को पिस्टल दिखाकर धमकाया। उस समय गीता बाई घर के अंदर मौजूद थीं, जबकि उनके पति आगे के कमरे में सो रहे थे। गीता बाई ने पुलिस को बताया कि दो युवक घर में घुसे और कट्टा तानकर जेवर निकालने को कहा, धमकी दी कि ऐसा न करने पर गोली मार देंगे। बदमाशों में से एक ने नकाब पहन रखा था, लेकिन उसकी दाढ़ी साफ दिखाई दे रही थी।
अलमारी में रखे जेवर ले गए बदमाश
महिला ने अलमारी से जेवर दिए, जिसके बाद बदमाशों ने उनके गले का मंगलसूत्र और कान के गहने भी उतरवा लिए। इसी बीच, घर के बाहर बैठे बेटे निलेश चौकसे ने कुछ आवाजें सुनकर घर में दौड़ लगाई, जहां उन्हें लूट की वारदात का पता चला। निलेश के अनुसार, बदमाश लगभग 4 किलो चांदी और 7-8 तोला सोना लेकर भागे हैं।
एफएसएल टीम भी जांच कर रही
वृद्धा के अनुसार, घटना के समय बेटे कहीं घर से बाहर और बहुएं मायके में एक समारोह में गई थीं। वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सीएसपी अतुल सिंह और थाना प्रभारी आनंद राज मौके पर पहुंचे। एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने भी जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया और पूरे इलाके में नाकेबंदी कराई गई। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
