
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल की एकलपीठ ने एक अवमानना मामले में सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला एवं मध्य प्रदेश वेयरहाउस एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अनुराग वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। एकलपीठ ने मामले की अगली सुनवाई 15 अप्रैल को निर्धारित की है।
यह अवमानना का मामला नरसिंहपुर निवासी दिव्यांग उम्मीदवार राजेन्द्र मेहरा की ओर से दायर किया गया है। जिसमें कहा गया है कि पूर्व में इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। प्रदेश भर के विभिन्न विभागों में दिव्यांगों के करीब 22 हजार पद रिक्त पड़े हैं। हाईकोर्ट ने 30 जनवरी 2024 को सरकार को निर्देश दिए थे कि दिव्यांगों के खाली पड़े पदों को भरा जाए। इसके लिए छह माह की मोहलत दी गई थी। दलील दी गई कि सरकार के प्राधिकारियों द्वारा जानबूझकर न्यायालय के आदेश की अवहेलना की जा रही है। जिसके बाद न्यायालय ने उक्त निर्देश दिये। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शिवम त्रिपाठी ने पैरवी की।
