
ब्यावरा। नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले भर में चुनरी यात्राएं निकाली जा रही है. सोमवार को नगर में विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई. शीतला माता मंदिर से चुनरी यात्रा माँ वैष्णोदेवी मंदिर धाम पहुंची जहां माता रानी को चुनरी ओढ़ाई गई. माता रानी को चुनरी ओढ़ाने भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा.
गौरतलब है कि शारदीय नवरात्रि में भक्त माता रानी की आराधना में सराबोर है. देवी मंदिरों एवं झांकी पाण्डालो में दर्शन करने हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है. धार्मिक अनुष्ठान, आयोजन हो रहे है. सोमवार को नगर में हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में पारंपरिक विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई जिसका साक्षी बनने सैलाब उमड़ पड़ा.
बड़े, बच्चे सभी हुए शामिल
नगर भर में नवरात्रि पर्व की धूम है. लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है. चुनरी यात्रा में युवा, बड़े, बच्चे सभी काफी उत्साह के साथ शामिल हुए. सोमवार शाम शीतला माता मंदिर से चुनरी यात्रा प्रारंभ हुई जो सुठालिया रोड, मैन मार्केट, जगात चौक, जूना ब्यावरा, इंदौर नाका होते हुए पुराना ए.बी.रोड से पीपल चौराहा, पुराना बस स्टेण्ड होते हुए लम्बी दूरी तय कर माँ वैष्णोदेवी मंदिर पहुंची जहां माता रानी को चुनरी ओढ़ाई गई.
बीते कई वर्षो से शारदीय नवरात्रि में हिन्दू उत्सव समिति के तत्वावधान में नगर में विशाल चुनरी यात्रा निकाली जा रही है. इस बार चुनरी यात्रा की संयोजिका पार्षद रुचि रवि बड़ोने तथा सह संयोजिका वर्षा मंगल एवं लाडकुंवर केलवा रहे. हिन्दू उत्सव समिति द्वारा चुनरी यात्रा के सफल आयोजन में सभी के मिले सहयोग पर आभार व्यक्त किया गया है.
जिले भर में निकल रही यात्राएं
रविवार को राजगढ़ में विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई. इसके पूर्व नगर में पंचशील कॉलोनी राजगढ़ रोड, भंवरगंज सहित अन्य जगह से चुनरी यात्राएं निकाली जा चुकी है.
