
छतरपुर। लवकुशनगर तहसील क्षेत्र के बम्होरी और भितरिया गांव को जोड़ने वाले मुख्य सरकारी मार्ग को कथित तौर पर जेसीबी से खोदकर नाले में तब्दील कर दिया गया है। इससे दोनों गांवों के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि हरिशंकर भड़ेरिया और अंजू तिवारी ने रास्ते को खुदवाकर लोगों की आवाजाही बाधित कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे गांवों का संपर्क प्रभावित हो रहा है।
मामले को लेकर ग्रामीणों और मंदिर के महंत ने तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सरकारी मार्ग को तत्काल बहाल कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
