जबलपुर:नगर निगम शहर के प्रत्येक नागरिक को शुद्ध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि निगम द्वारा स्वच्छ जलापूर्ति के लिए लगातार सकारात्मक और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के पुराने जल शोधन संयंत्रों का नवीनीकरण किया जा रहा है ताकि पानी की शुद्धता मानक स्तर के अनुरूप बनी रहे।
पानी की बर्बादी रोकने और गंदे पानी के मिश्रण को खत्म करने के लिए पुरानी पाइप लाइनों को युद्ध स्तर पर बदला जा रहा है। निगमायुक्त के निर्देशानुसार अब प्रतिदिन शहर के अलग-अलग वार्डों से पानी के नमूने लिए जा रहे हैं और लैब में उनकी जांच की जा रही है। जलापूर्ति की समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए स्मार्ट वॉटर मैनेजमेंट सिस्टम पर काम शुरू किया गया है, जिससे पानी के दबाव और उपलब्धता की रियल-टाइम निगरानी हो सकेगी।
जनता से उम्मीद
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से अपील की है कि जल संरक्षण में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि हम तकनीक और प्रबंधन के जरिए सुधार कर रहे हैं, लेकिन जनता का सहयोग इस मिशन को सफल बनाएगा। यदि कहीं भी पाइप लाइन में टूट-फूट दिखे, तो तुरंत निगम को सूचित करें। नगर निगम का लक्ष्य केवल पानी पहुँचाना नहीं, बल्कि बीमारी मुक्त और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करना है।
