इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र की सोमनाथ की चाल में पारिवारिक विवाद के बाद 50 वर्षीय व्यक्ति ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पहले उसने पत्नी और बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.
सोमनाथ की चाल निवासी मनोज पिता खेमचंद उम्र 50 साल का घर में विवाद हुआ था. उनकी बेटी नंदिनी ने पुलिस को बताया कि विवाद के बाद मनोज ने पत्नी और बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.
परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो मनोज फांसी के फंदे पर मिले. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. मामले में मर्ग कायम कर लिया. पुलिस पारिवारिक विवाद के अलावा आत्महत्या के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है.
