इंदौर: शहर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक शातिर बदमाश को द्वारकापुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर अवैध हथियारों की डील करता था. पुलिस ने उसके कब्जे से 6 देशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस उपायुक्त जोन-4 आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त अन्नपूर्णा शिवेन्दु जोशी के मार्गदर्शन में द्वारकापुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस टीम सोमवार को सूर्यदेव नगर क्षेत्र में चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर घबरा गया. संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके बैग की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बैग से 6 अवैध देशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
पूरे प्रदेश में तैयार कर रखा था सप्लाई नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था. चैट के जरिए डील तय कर वह अवैध हथियारों की सप्लाई करता था. आरोपी ने इस अवैध कारोबार के लिए प्रदेशभर में अपना नेटवर्क तैयार कर रखा था, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है. गिरफ्तार आरोपी का नाम राजवीर सिंह सिकलीकर उम्र 21 साल निवासी ग्राम ओझर, जिला बड़वानी है. उससे अवैध हथियारों के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है
