
आष्टा।नवरात्रि पर्व के अवसर पर जहां नगर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. वहीं कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश की गई.
नगर के खेड़ापति तालाब मार्ग पर स्थित प्राचीन खोकरा माता मंदिर के बाहर सोमवार की सुबह मंदिर पुजारी जब पहुंचे तो उन्होंने मंदिर प्रांगण में चारों ओर मछली फैली हुई देखी. घटना की जानकारी तुरंत खेड़ापति मंदिर पुजारी को दी गई. सूचना मिलते ही हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष कालू भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उपस्थित लोगों ने देखा कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काटे गए हैं और बाहर मछलियां पड़ी हुई हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की.
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने इस कृत्य की निंदा करते हुए दोषियों को शीघ्र पकड़े जाने और कड़ी सज़ा दिए जाने की मांग की है. वहीं पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि नगर की शांति और सौहार्द को किसी भी हालत में बिगडऩे नहीं दिया जाएगा.
