
सीहोर/भैरूंदा।नवरात्रि में दिन के अलावा रात में भी देवीधाम सलकनपुर जाने वाले पदयात्रियों की आवाजाही बनी हुई है. इसके बाद भी बीती रात चोरों ने नगर की अनेक दुकानों को अपना निशाना बनाया और लाखों का माल बटोर ले गए. चोरों की करतूत दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं. चोरी की वारदातों से नागरिकों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
नगर में चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों ने नागरिकों में असुरक्षा की भावना निर्मित कर दी है. हाल ही में नगर के सूने मकान में धावा बोलकर लाखों की नगदी व जेवरात पर हाथ साफ करने वाले चोरों का पुलिस सुराग नहीं लगा कि बीती रात दु:साहसी चोरों ने नीलकंठ मार्ग स्थित लगभग आधा दर्जन दुकानों में सेंधमारी करते हुए लाखों रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया.
सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों को जब ताले टूटे नजर आए तो उनके होश उड़ गए. चोरों ने क्षेत्र की लगभग आधा दर्जन दुकानों के ताले चटकाकर उनमें रखी नगदी और लाखों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया था. पीडि़त दुकानदार एकत्रित होकर थान पहुंचे जहां उनसे पुलिस ने आवेदन लेते हुए आश्वासन दिया है कि वह चोरों को शीघ्र ही पकड़ लेंगे. कुछ दुकानों में व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की करतूत कैद हो गई है. अब देखना है कि पुलिस कब तक चोरों को गिरफ्तार करने में कामयाब हो पाती है.
