
इंदौर। देपालपुर थाना क्षेत्र में इंदौर-देपालपुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम से चोरी गई बोलेरो नियो कार के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पुलिस ने चोरी गई 9 लाख 32 हजार 791 रुपए कीमत की गाड़ी बरामद कर ली है. इस वारदात में नौ लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनमें से चार आरोपी अभी फरार हैं.
थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि घटना 22 और 23 फरवरी 2026 की दरमियानी रात की है. अज्ञात बदमाशों ने शोरूम के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर खड़ी नई बोलेरो नियो कार चुरा ली थी. क्षेत्र में यह अब तक की सबसे बड़ी वाहन चोरी मानी जा रही थी, मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. इस पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई. एसडीओपी सांवेर देवेन्द्र धुर्वे के पर्यवेक्षण और स्वयं मेरे नेतृत्व में टीम ने शोरूम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. लगातार पड़ताल के बाद पुलिस ने शनिवार को चोरी गई बोलेरो नियो बरामद कर ली और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में सतीश पिता कैलाश डावर निवासी उडवा थाना मानपुर, अजय पिता लक्की योगी निवासी राजेंद्र नगर इंदौर, आकाश पिता दीपक वर्मा निवासी महू, शेरु पिता आसाराम ओसारी निवासी मानपुर तथा एक नाबालिग शामिल है. पूछताछ में मुख्य आरोपी सतीश डावर ने बबलू, विकास, अनिल और सुभाष के नाम उजागर किए हैं, जो फिलहाल फरार हैं. सतीश पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और मानपुर थाना सहित आसपास के जिलों में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े तार भी खंगाले जा रहे हैं.
