हर भाई-बहन अपनी मर्यादा जानता है.. मंत्री जी आपको सिखाने की जरूरत नहीं : अनुमा आचार्य

जबलपुर। बीजेपी नेताओं की अमर्यादित टिप्पणियों बार-बार सामने आती हैं, लेकिन जब बहन-बेटियों पर अत्याचार होता है, तब वे चुप्पी साध लेते हैं। मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आँकड़े भयावह हैं। बलात्कार, छेड़छाड़ और उत्पीड़न की खबरें रोज़ अखबारों की सुर्खियाँ बनती हैं। भोपाल से लेकर छोटे कस्बों तक, बहन-बेटियाँ असुरक्षित हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट में मध्यप्रदेश महिलाओं के खिलाफ अपराधों में शीर्ष पर है और नवरात्रि में बीजेपी के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बहन-भाई के रिश्ते को अपमानित कर रहे हैं, यह उनकी महिला विरोधी मानसिकता का प्रमाण है।

हर भाई-बहन अपनी मर्यादा जानता है। मंत्री को महिलाओं को संस्कार सिखाने की जरूरत नहीं है। महिला कांग्रेस प्रदेश की हर बहन-बेटी के सम्मान और सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। बहन-भाई का पवित्र रिश्ता हमारी संस्कृति की रक्षा करेगा और हम इसे कलंकित करने वालों को बख्शेंगे नहीं। ये सारी बातें कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।

मंत्री तत्काल मांगे सार्वजनिक रूप से माफी

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने ये भी कहा कि कैलाश विजयवर्गीय तत्काल माँ दुर्गा के सामने झुककर सार्वजनिक माफी माँगें और बहन-भाई के पवित्र रिश्ते का सम्मान करें। यदि माफी नहीं माँगी जाती, तो मुख्यमंत्री उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त करें। बीजेपी नेताओं द्वारा महिलाओं का अपमान बंद हो, अन्यथा महिला कांग्रेस नवरात्रि की शक्ति से प्रेरित होकर सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। श्री आचार्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मंच से स्पष्ट किया कि बीजेपी सरकार की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस पार्टी निरंतर संघर्ष करेगीऔर तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक महिलाओं को न्याय और सुरक्षा नहीं मिलती। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ग्रामीणी अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।

Next Post

अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Sun Sep 28 , 2025
नरसिंहपुर। गोटेगाँव पुलिस द्वारा अबैध शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, पुलिस ने आरोपियों के पास से सेकड़ो लीटर देशी एवं विदेशी शराब जप्त की। नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ऋषिकेश मीना के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध ऑपरेशन ईगल क्लाव चलाया जा रहा […]

You May Like