नयी दिल्ली, (वार्ता) लंदन स्थित प्रौद्योगिकी कंपनी नथिंग ने गुरुवार को घोषणा की है कि उसका उप-ब्रांड रही सीएमएफ अब एक स्वतंत्र सहायक कंपनी के रूप में काम करेगी और भारत इसके संचालन, अनुसंधान एवं विकास तथा विनिर्माण का केंद्र बनेगा।
साथ ही उसने भारतीय कंपनी ऑप्टिमस के साथ एक रणनीतिक विनिर्माण संयुक्त उद्यम की स्थापना की भी घोषणा की जो नथिंग और सीएमएफ उत्पादों के लिए एक वैश्विक उत्पादन और निर्यात केंद्र बनेगा।
दोनों कंपनियों ने एक साझा प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वे अगले तीन साल में भारत में 10 करोड़ डॉलर से अधिक का निवेश करेंगी और संयुक्त उपक्रम के माध्यम से 1,800 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। नथिंग ने अबतक भारत में 20 करोड़ डॉलर से अधिक का निवेश किया है।
नथिंग के सीईओ कार्ल पेई ने कहा, “भारत वैश्विक स्मार्टफोन उद्योग के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। दो साल पहले लॉन्च होने के बाद से ही सीएमएफ को बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। अब हम इसे भारत का पहला वास्तविक वैश्विक स्मार्टफोन ब्रांड बनाने की स्थिति में हैं। ऑप्टिमस के साथ हमारा संयुक्त उद्यम इस दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।”
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनी ऑप्टिमस इस संयुक्त उपक्रम के माध्यम से पहली बार मोबाइल विनिर्माण में कदम रखेगी। ऑप्टिमस समूह के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा, “हम नथिंग के साथ इस साझेदारी को लेकर बेहद उत्साहित हैं; यह हमें आज और भविष्य के उत्पादों के लिए अपनी विश्वस्तरीय विनिर्माण क्षमताओं को और मजबूत करने में मदद करेगा। यह साझेदारी …हमें निर्यात के लिए तैयार उत्पाद बनाने में सक्षम बनायेगी, जिन्हें भारत में डिजाइन किया जायेगा।”
