
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत बरगी हिल्स में बुधवार शाम 2 बच्चों आयुष और वेद की करंट लगने से मौत हो गई थी। आज पीएम के बाद दोनों के शव जब घर पहुंचे तो परिजनों में चीख पुकार मच गई, उनका रो रो कर बुरा हाल था, उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि उनके बच्चे अब इस दुनिया में नहीं रहे, शवों से लिपटकर रोते बिलखते रहे। जब दोनों की अर्थियां उठी तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई दोनों बच्चों को अंतिम विदाई दी गई। तिलवारा घाट में दोनों का अंतिम संस्कार हुआ।
टीआई ने बताया कि आशीष झारिया 53 वर्ष निवासी गणेश मंदिर के पास बरगी हिल्स ने सूचना दी थी की कल शाम लगभग 7-30 बजे उसका बेटा आयुष झारिया उम्र 08 वर्ष दुर्गाजी प्रतिमा देखने बरगी हिल्स गाया था जो सिंचाई कार्यालय के सामने रोड़ पर खेल रहा था, खेलते समय बिजली का पाईप पकड़ लिया जिससे आयुष झारिया को बिजली का करंट लगने से बेहोश हो गया जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाये जहां डाक्टर ने चैक कर उसके बेटे आयुष को मृत घोषित कर दिया। वहीं मेडिकल कॉलेज में विपिन श्रीवास 40 वर्ष निवासी बरगी हिल्स ने बताया कि उसका बेटा वेद श्रीवास उम्र 10 वर्ष दुर्गाजी प्रतिमा देखने बरगी हिल्स गया था जो सिचाई कार्यालय के सामने रोड़ पर खेल रहा था,खेलते समय बिजली का पाईप पकड़ लिया जिससे वेद श्रीवास को बिजली का करंट लगने से बेहोश हो गया जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाये जहां डाक्टर ने चैक कर उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया।
तीन सदस्यीय दल कर रहा जांच
मामले में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जांच के आदेश दे दिए है। घटना की जाँच के लिये एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय दल गठित किया है। दल में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ ईएण्डएम एस के शर्मा एवं पूर्व क्षेत्र विद्युत कंपनी के सहायक यंत्री दिनेश पाल को सदस्य बनाया गया है। हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ और इसके जिम्मेदार कौन है समेत अन्य बिन्दुओं पर जांच शुरू कर दी गई। कलेक्टर ने घटना के कारणों तथा सभी संभावित बिंदुओं की जांच कर तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जाँच दल को दिये हैं।
