न्यूयॉर्क, 25 सितंबर (वार्ता) यूक्रेन के वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की और सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने यूक्रेन और सीरिया के बीच राजनयिक संबंधों के पुनर्निर्माण के दौरान सहयोग और आपसी सम्मान पर चर्चा की। यह जानकारी अल जजीरा ने गुरुवार को दी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के साथ बैठक के बाद कहा कि यूक्रेन और सीरिया ने औपचारिक रूप से राजनयिक संबंध बहाल कर लिए हैं।
सीरियाई विदेश मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी भी एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बुधवार को न्यूयॉर्क में बैठक में शामिल हुए।
यूक्रेन ने 2022 में सीरिया के साथ संबंध तोड़ लिए थे जब देश के पूर्व शासक बशर अल-असद की सरकार ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलग हुए डोनेट्स्क और लुहान्स्क गणराज्यों की स्वतंत्रता को मान्यता देने का प्रस्ताव रखा था। इसके तुरंत बाद सीरिया ने कीव के साथ संबंध तोड़ने की घोषणा की थी।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और सीरिया ने अपने राजनयिक संबंधों की बहाली पर एक विज्ञप्ति पर हस्ताक्षर किए हैं। यूक्रेनी नेता ने एक्स पर लिखा, “हम इस महत्वपूर्ण कदम का स्वागत करते हैं और स्थिरता के मार्ग पर सीरियाई लोगों का समर्थन करने के लिए तैयार हैं।”
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा, “सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के साथ हमारी वार्ता के दौरान, हमने सहयोग के विकास के लिए आशाजनक क्षेत्रों, दोनों देशों के सामने मौजूद सुरक्षा खतरों और उनका मुकाबला करने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। दोनों पक्ष पारस्परिक सम्मान और विश्वास के आधार पर अपने संबंधों का निर्माण करने पर सहमत हुए हैं।”
अल-शरा वार्षिक संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे, जो लगभग 60 वर्षों में राष्ट्रपति स्तर पर इस आयोजन में सीरिया की पहली भागीदारी थी।
1967 के अरब-इजरायल युद्ध के बाद, जब इजरायल ने दक्षिण-पश्चिम सीरिया में गोलान हाइट्स पर कब्जा कर लिया था, दमिश्क ने इस महासभा का बहिष्कार किया था।
जनवरी में, अल-शरा ने दमिश्क में सत्ता संभाली थी जब उनके नेतृत्व वाली विपक्षी ताकतों ने राष्ट्रपति अल-असद के शासन को उखाड़ फेंका था, जिससे सीरिया पर असद परिवार के पांच दशक के शासन का अंत हो गया था।
बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले भाषण में अल-शरा ने युद्धग्रस्त अपने देश पर लगे अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने का आह्वान किया।
अल-शरा ने सत्ता संभालने के बाद के महीनों में लागू किए गए सुधार उपायों पर प्रकाश डाला, जिनमें नई संस्थाओं का निर्माण, चुनावों की योजना और विदेशी निवेश आकर्षित करने के प्रयास शामिल हैं।
