
विदिशा। नवरात्रि, दशहरा और अन्य त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को विदिशा पुलिस ने शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के नेतृत्व में यह मार्च कोतवाली और सिविल लाइन क्षेत्र से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से होकर कोतवाली पर समाप्त हुआ। नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, थाना प्रभारी आनंद राज, यातायात प्रभारी आशीष राय और रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस उपस्थिति दिखाना और किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह की रोकथाम करना था।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
