
विदिशा।सागर बायपास पर स्थित बालाजी पैराडाइज कॉलोनी के रहवासी इन दिनों भारी परेशानियों से जूझ रहे हैं। दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क चौड़ीकरण और अहमदपुर रोड चौराहे पर ब्रिज निर्माण का काम किया जा रहा है। इस काम के चलते पहले ही कॉलोनी का एक गेट बंद कर दिया गया था, जिसके बाद लोग दूसरे गेट से आने-जाने को मजबूर थे। पर मंगलवार की रात हाईवे अधिकारियों ने अचानक कॉलोनी के दूसरे गेट पर भी बड़े-बड़े ब्लॉक रख दिए, जिससे मुख्य रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। इस वजह से कॉलोनी के सैकड़ों निवासी अपने ही घरों में कैद जैसे हो गए हैं। न तो वाहन बाहर निकल पा रहे हैं और न ही लोग आसानी से अंदर-बाहर जा पा रहे हैं।
