नयी दिल्ली , 24 सितंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि ग्रामीण इलाकों में आधुनिक खेल सुविधा देना हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।
श्रीमती गुप्ता ने आज बाहरी दिल्ली स्थित हिरण कूदना गांव के सीएम श्री स्कूल में विकसित नए खेल परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खेल परिसर दिल्ली सरकार के उस संकल्प को प्रतिबिंबित करता है जिसमें सार्वजनिक शिक्षा में उच्चस्तरीय खेल की संरचना उपलब्ध कराना शामिल है। यह पश्चिम दिल्ली में अपनी तरह की पहली सुविधा है। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल कौशल का विकास करना, स्वास्थ्य व फिटनेस को बढ़ावा देना, और अनुशासन, टीम वर्क तथा दृढ़ता जैसे महत्वपूर्ण गुणों को संजोना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के कुल एक लाख करोड़ रुपये के बजट में लगभग 20,000 करोड़ रुपये शिक्षा विभाग को आवंटित किए गए हैं और इसके तहत ग्रामीण एवं स्कूल स्तर पर खेल सुविधाओं के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, ” लोकार्पित किये गए नए खेल परिसर में गांवों के बच्चों के लिए खेल और स्वास्थ्य की सुविधाएं प्रदान की गई है । हमारे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उनमें जज़्बा होता है और वे जीत के लिए दृढ़ता से प्रयास करते हैं। ऐसे में सरकार का यह कर्तव्य है कि उन्हें आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में इंटरस्टेट बस सेवाएं पुनः चालू करेगी। नयी बसों के साथ नए मार्ग बनाए जाएंगे, जिससे दिल्ली के दूरदराज इलाकों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। दिल्ली देहात में अगले वर्ष तक कई लंबित परियोजनाओं को पूरा कर दिया जाएगा, जिससे गांवों और देहात के लोगों को स्थायी लाभ मिलेगा।
शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद ने कहा कि यह खेल परिसर एक आदर्श उदाहरण है कि कैसे आधुनिक सुविधाएं खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह परिसर न केवल खेल कौशल को बढ़ावा देगा, बल्कि सरकारी स्कूलों में विश्वस्तरीय शिक्षा और बेहतर सुविधाओं को भी प्रोत्साहित करेगा। दिल्ली सरकार 75 नए सीएम श्री स्कूल स्थापित कर सरकारी शिक्षा को उच्चतम स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अब सरकारी स्कूल अभावग्रस्त स्कूल नहीं रहेंगे, बल्कि उत्कृष्ट शिक्षा के केंद्र बनेंगे।
उन्होंने कहा कि इस खेल परिसर का निर्माण लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह खेल परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जो खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और विकास को बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है। इसमें 200 मीटर, 5-लेन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक है, जिसमें 100 मीटर सीधी दौड़ के लिए एक विशेष सेक्शन शामिल है। लॉन्ग जम्प, ट्रिपल जम्प, शॉट पुट, हाई जम्प और डिस्कस थ्रो जैसी प्रतियोगी खेलों के लिए विशेष क्षेत्र बनाए गए हैं।
