
विदिशा, शहर के सिविल लाइन इलाके में एक ही रात में दो सूने आवासों को निशाना बनाकर लाखों रुपए चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है. दोनों ही घरों से करीब 20 लाख रुपए व नगदी की चोरी हुई.चोरी की वारदात की जानकारी मंगलवार की सुबह लगी. जिसके बाद पुलिस और डॉग स्वाक्ड की टीम मौके पहुंची. चोरी की पहली वारदात सांई कॉलोनी में हुई. जहां प्रमोद खटीक का परिवार नंदवाना में देवी प्रतिमा स्थापना में व्यस्त था. घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताले तोड़े. चोरों ने करीब 15 तोला सोने के जेवर और 5.5 लाख रुपए नकद चुरा लिए. सुबह जब मालिक का बेटा घर आया तो सारा सामान बिखरा मिला जिसकी जानकारी परिवार को दी गई.वहीं चोरी की दूसरी वारदात शिव बिहार कॉलोनी में हुई जहां से चोरों ने एक मकान से डायमंड रिंग और करीब 25 हजार रुपए नकद चुरा लिए. वारदात की जांच फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम भी कर रही है. पुलिस ने घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं. जिनमें पुलिस को रात में करीब 3 से 4 बजे के आसपास चोरी वाले इलाकों में 4 संदिग्ध घूमते नजर आए हैं.जो घरों सेंध लगाने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
कई कालोनियों में नहीं हैं सुरक्षा के इंतजाम
शहर के कई कालोनियां ऐसी है जहां पर न तो बाउंड्री बॉल है और न ही इन कालोनियों में सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी रहते. जिसके चलते वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पहले इन इलाकों की रैकी करते हैं उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दे देते हैं. कई बार सीसीटीवी कैमरों में चोरी करने की तस्वीर कैद हो जाती है जिसके चलते चोरी का खुलासा हो जाता है. जबकि कई बार चोरी की वारदात वाली जगह पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होते हैं जिसके चलते चोरों का सुराग नहीं लग पाता. वहीं लोगों ने बताया कि पुलिस रात में गश्त करती है लेकिन कई कालोनियां बहुत अंदर होती हैं जहांप पर पुलिस गश्त के लिए नहीं पहुंचती है. बताया गया कि कुछ दिन पहले मुख्य मार्ग से एक पिकअप वाहन चोरी हुआ था. उसके बाद एक दुकान में चोरी हुई. अब दो घरों में चोरी की वारदात हुई है। लगातार बढ़ती चोरियों से शहरवासी भयभीत हैं. लोग घर छोडक़र बाहर जाने से हिचक रहे हैं. इस संबंध में एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई है और बारीकी से जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
