
बालाघाट। कल 24 सितम्बर को मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 के धान प्रोत्साहन राशि वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 06 लाख 69 हजार 272 किसानों के खाते में 337 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा बालाघाट जिले के 244 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के बालाघाट सहित अन्य जिलों के 25 हजार किसान शामिल होंगे।
कृषि विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल एवं जबलपुर संभाग के कमिश्नर धनंजय सिंह ने आज 23 सितम्बर को कटंगी पहुंचकर कृषि उपज मंडी में कार्यक्रम के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच व्यवस्था, किसानों की बैठक व्यवस्था, कृषि प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा हेलीपेड एवं वाहन पार्किंग के संबंध में चर्चा की। इस दौरान विधायक गौरव सिंह पारधी, कलेक्टर मृणाल मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ, उपसंचालक कृषि फूलसिंह मालवीय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
