जबलपुर। किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार प्रत्येक निजी विक्रेता के प्रतिष्ठान से अधिकारियों की देखरेख में उर्वरक वितरण कराने की व्यवस्था सोमवार से जिले में लागू हो गई है। अधिकारियों की मौजूदगी में ही किसानों को उर्वरक का वितरण कराने की इस व्यवस्था का कृषि अधिकारियों ने पाटन क्षेत्र के कई निजी विक्रय केंद्रों पर जाकर निरीक्षण भी किया।
अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पंकज श्रीवास्तव द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान इन निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों पर तैनात किये गये अधिकारी उपस्थित मिले। निरीक्षण करने पहुँचे अधिकारियों ने भी अपने सामने किसानों को खाद का वितरण कराया। इस मौके पर राहुल कृषि केंद्र पाटन, गणेश फर्टिलाईजर पाटन, अंकित एग्रो पाटन एवं श्रीराम फर्टिलाईजर पाटन शामिल थे।
किसानों ने की कृषि अधिकारियों से शिकायत
निरीक्षण के दौरान कुछ किसानों द्वारा कृषि अधिकारियों से शिकायत की गई कि जिले से जो सूची कृषक व्हाट्सएप ग्रुप में प्राप्त हुई है, उसके अनुसार कुछ कृषि केंद्रों में डीएपी की उपलब्धता दिख रही है, परंतु जब किसान उन कृषि केंद्रों में जा रहे हैं तब किसानों को डीएपी के स्थान पर टीएससी दी जा रही है। अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन ने किसानों को उनकी इस शंका का निराकरण करते हुए बताया कि डीएपी 18:46 एवं टीएसपी 00:46 पोर्टल में प्राप्त लिस्ट में सिर्फ डीएपी के नाम से ही दिखती है। वो इसलिये क्योंकि दोनों ही उर्वरकों का कार्य लगभग एक ही है। अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन ने किसानों को बताया कि यदि टीएसपी में 20 किलो यूरिया मिला दिया जाये तो वह डीएपी जैसा ही काम करती है। किसान इसे लेकर बिल्कुल परेशान ना हो, यदि उन्हें टीएसपी मिल रही है तो उसका उपयोग भी करें।
