नयी दिल्ली 22 सितंबर (वार्ता) आयुष शेट्टी और एचएस प्रणय मंगलवार से दक्षिण कोरिया के सुवन में शुरू होने वाले कोरिया ओपन में भारत टीम की अगुवाई करेंगे।
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय का हाल के वर्षो में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा हैं। प्रणय के साथ पुरुष एकल में आयुष शेट्टी भी होंगे, जो जून में यूएस ओपन सुपर 300 में जीत के साथ इस सीजन में 2025 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर पर खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।
किरण जॉर्ज भी मुख्य ड्रॉ में हैं, जबकि थारुण मन्नेपल्ली और मीराबा लुवांग मैसनम को क्वालीफायर से भिड़ना होगा। पूर्व विश्व नंबर वन किदांबी श्रीकांत और महिला खिलाड़ी पीवी सिंधु ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है।
पेरिस 2024 के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन और पुरुष युगल एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी भी इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे।
टूर्नामेंट में अनुपमा उपाध्याय महिला एकल में भारत की एकमात्र प्रतिनिधि हैं। इस बीच, मोहित जगलान और लक्षिता जगलान मिश्रित युगल में एकमात्र भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
