कान्हा नेशनल पार्क के 97 गाइडों को मिला तीन दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण

मंडला। विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क में पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पार्क प्रबंधन द्वारा 97 गाइडों के लिए तीन दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। खटिया स्थित ईको सेंटर में सरही और खटिया रेंज के गाइडों को नेचरलिस्ट ट्रेनरों की देखरेख में प्रशिक्षण दिया गया। रविवार को संपन्न इस शिविर में गाइडों को वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक संपदा, स्थानीय संस्कृति और पर्यटक संवाद कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन जानकारी दी गई ।

प्रशिक्षण की शुरुआत नेचर सफारी से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को जंगल की विविधता, तितलियों, पक्षियों, सरीसृपों और पार्क के नियमों के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई। संचार कौशल पर विशेष सत्र आयोजित कर गाइडों को पर्यटकों के साथ प्रभावी संवाद बनाने की तकनीकें बताई गईं। नेचर ट्रेल के दौरान गाइडों ने जंगल के वातावरण को नजदीक से समझा और प्रमुख शाकाहारी प्रजातियों के साथ-साथ आदिवासी जीवनशैली पर विशेष जानकारी प्राप्त की ।

रोचक सत्रों के माध्यम से गाइडों को जानवरों के व्यवहार, केस स्टडी और रोल प्ले के जरिए व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने का अवसर मिला। “कौन कितना है हटके” जैसे इंटरैक्टिव सत्रों ने प्रशिक्षण को और अधिक ज्ञानवर्धक बनाया ।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ याजुवेंद्र उपाध्याय, स्नेहा सुंदरम, अभिलाष वर्शी, आशीष कछवाहा और फील्ड बायोलॉजिस्ट ने अपने अनुभव साझा करते हुए गाइडों को पर्यटकों के साथ बेहतर तालमेल बनाने और कान्हा की विशेषताओं को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने के टिप्स दिए।

कान्हा प्रबंधन ने बताया कि इस प्रशिक्षण के बाद गाइड पर्यटकों को न केवल वन्यजीवों और जंगल की अनोखी जैव विविधता से परिचित कराएंगे, बल्कि संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के महत्व को भी प्रभावी ढंग से समझा पाएंगे। इससे देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को कान्हा भ्रमण के दौरान और अधिक समृद्ध अनुभव प्राप्त होगा।

Next Post

चोरो ने कपड़े की दुकान को बनाया निशाना, नगदी सहित सामान पार

Sun Sep 21 , 2025
रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बीते साल जिस तरह लगातार चोरी और लूट की वारदातों ने लोगों को दहशत में डाला था, उसी कड़ी में एक और बड़ी वारदात सामने आई है. इस बार चोरों ने गढ़ पुराने बस स्टैंड […]

You May Like

मनोरंजन