
मंडला। ग्राम पंचायत जेवरा पोशाक के दादर गांव की प्राथमिक शाला में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शाला में अक्सर समय से पहले छुट्टी कर दी जाती है। सोमवार को भी बच्चों ने जानकारी दी कि शिक्षक मीटिंग में गए थे, जिसके चलते दोपहर 2 बजे ही स्कूल बंद कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शाला तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं होने के कारण बच्चों को खेतों और कच्चे रास्तों से गुजरना पड़ता है। रास्ते के दोनों ओर खेत और झाड़ियां होने से सर्प-बिच्छुओं का खतरा बना रहता है। जामुन टोला तक सड़क न होने से यह इलाका आज भी जिला प्रशासन की नजरों से दूर है।
स्वास्थ्य सेवाएं और मध्यान्ह भोजन की समस्या
ग्रामीणों ने शिकायत की कि शाला में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। कई बच्चे सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित हैं, पर उपचार की कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी असंतोष है।
