
जबलपुर। नवरात्र शुरू होने में महज दो दिन बचे हैं और शहर के गौरीघाट स्थित नर्मदा तट पर जाने वाले भक्तों की सुविधा के लिए शनिवार को महापौर द्वारा ठोस कदम उठाया गया है। क्योंकि नवरात्र के बाद मांता काली और अन्य दुर्गा प्रतिमाओं को गौरीघाट मार्ग से ही विर्सजन कुंड तक ले जाया जाता है ऐसे में सड़क में मौजूद बड़े-बड़े गड्ढ़ों को शनिवार को महापौर के निर्देश के बाद सीमेंटीकरण का कार्य करके भरा गया। जिससे आगामी दिनों में शहरवासियों को गौरीघाट मार्ग से गुजरने में कोई परेशानी न हो। इस संबंध में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नवभारत से कहा कि अभी गौरीघाट मार्ग का बहुत अच्छे से मरम्मतीकरण किया जा रहा है और बारिश पूरी खत्म होने के बाद नए सिरे से गौरीघाट मार्ग को बनाया जाएगा।
साथ ही महापौर ने यह भी बताया कि जबलपुर में कचनार सिटी के पास, घमापुर, हनुमानताल सहित अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है जिससे शहरवासियों को कोई परेशानी न हो। गौरतलब है कि गौरीघाट मार्ग पर बड़े बड़े गड्ढे हो चुके थे और नवरात्र का त्यौहार सर पर था। इसलिए शहरवासियों व भक्तजनों को कोई परेशानी इस मार्ग से होकर गुजरने में न हो इसके लिए गौरीघाट मार्ग के गड्ढें को भरा गया है।
