जबलपुर: सड़क किनारे पसरी हुई गंदगी, लगा मलबे का ढेर और दूसरी तरफ स्वच्छ सर्वेक्षण की दीवार पर सजी पेंटिंग … बीते कई दिनों से नगर निगम के जिम्मेदारों को मुंह सा चिढ़ाते नजर आ रही है। तीसरा पुल डॉ. अशोक बराट रोड के आगे की सड़क का ये हाल अब जिम्मेदारों से सवाल पूछने लगा है कि क्या स्वच्छता सर्वेक्षण तक ही सफाई का दिखावा सही था या फिर धरातल में सफाई पर अमल किया जाना ठीक था।मौजूदा हालात की बात करें तो यहां की सड़क के पास से गुजरने वाले अधिकांश राहगीरों की सिर्फ एक ही आवाज उठती नजर आ रही है कि साहब अब तो नींद से जाग जाओ और यहां के हालत सुधार दो।
ऐसा लगता है जैसे मरा जानवर पड़ा हो…
शहर के जागरूक नागरिक अविनाश मोटवानी, संजय दुबे, मोनू पटैल सहित अन्य ने नवभारत से कहा कि तीसरा पुल डॉ. अशोक बराट रोड के आगे की सड़क के पास से अभी कोई गुजरता है तो दुर्गंध से ऐसा लगता है वहां कोई मरा हुआ जानवर पड़ा हुआ हो। लोगों की माने तो यहां कई महीनों से सफई अमला झांकने नहीं आया है और आलम आज बद से बदतर हो चुके हैं। देखने वाली बात है कि जिम्मेदार कब तक नींद से जागते हैं और यहां के हालात सुधारते हैं। जागरूकजनों का एक बड़ा समूह अब मामले में सीएम हैल्पलाइन में भी इस बदतर स्थिति की शिकायत दर्ज कराने वाला है।
