कुएं में उतराता मिला लापता युवती का शव

सतना: जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत महापार गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब कुएं में एक युवती का शव उतराता देखा गया. युवती पिछले 2 दिन से लापता थी, जिसकी शिकायत परिजनों द्वारा थाने में की जा चुकी थी. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.शुक्रवार की सुबह बरौंधा थाने को कुएं में एक युवती का शव पाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी.

जिसे गंभीरता से लेते हुए बरौंधा थाना प्रभारी शैलेंद्र पटेल पुलिस बल के साथ महापार गांव में मौके पर पहुंच गए. पुलिस द्वारा ग्रामीणों की सहायता से युवती के शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया. मृतक युवती की पहचान निर्मला यादव पिता मोहनालाल यादव उम्र 20 वर्ष निवासी महापार के तौर पर हुई. पुलिस द्वारा घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ ही पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिरसिंहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया. पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्मला 17 सितंबर की शाम को घर से निकली थी. जिसके बाद वह वापस लौट कर नहीं आई. जिसके चलते परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु की. सभी संभावित स्थानों पर खोजने के बावजूद भी जब निर्मला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने पहुंचकर की. लेकिन इससे पहले कि पुलिस उसकी तलाश कर पाती उसका शव कुएं में उतराता पाया गया.
पूछताछ जारी
थाना प्रभारी के अनुसार युवती की मृत्यु का वास्तविक कारण विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही सामने आ सकेगा. घटना के चलते परिजन शोकाकुल हैं और फिलहाल कुछ भी बता पाने में असमर्थता जता रहे हैं. पुलिस द्वारा गांव से लेकर सगे संबंधियों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

Next Post

नवरात्र पर माँ शारदा देवी मंदिर प्रांगण में लोकगायन और नृत्य नाटिका की होंगी प्रस्तुतियाँ

Sat Sep 20 , 2025
सतना: मप्र. शासन संस्कृति विभाग द्वारा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शक्ति पर्व का आयोजन 22 सितंबर 2025 को सायं 6.30 बजे मां शारदा देवी मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। इस प्रदेश स्तरीय महोत्सव में लोक-भक्ति गायन और आदि शक्ति को समर्पित नृत्य नाटिका के माध्यम से देवी के […]

You May Like