सतना:मां शारदा की नगरी मैहर में शारदेय नवरात्रि के अवसर पर देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. जिसे ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक पश्चिम मध्य रेल कमल कुमार तलरेजा शुक्रवार को मैहर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे. मां का दर्शन पूजन करने के लिए मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसे लेकर उन्होंने मातहत अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
शुक्रवार को डीआरएम कमल कुमार तलरेजा एलटीटी-पटना जनता एक्सप्रेस के जरिए मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचे. इस दौरान डीआरएम के साथ मंडलीय रेल अधिकारी भी मौजूद रहे. मैहर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद स्थानीय रल अधिकारियों के साथ डीआरएम ने निरीक्षण शुरु किया. प्लेटफार्म का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंचे.
जहां पर निरीक्षण करने के दौरान डीआरएम ने मातहत अमले को निर्देश दिए कि मौजूदा ऑटो स्टैण्ड को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाए. सर्कुलेटिंग क्षेत्र से आटो को बाहर करते हुए वहां पर टेंट लगवाए जाए. जिससे मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. वहीं आटो स्टैण्ड को दूसरे स्थान पर करने के चलते सर्कुलेटिंग क्षेत्र में भीड़भाड़ से भी बचा जा सकेगा. इसी कड़ी में डीआरएम ने निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था और और अधिक दुरुस्त किया जाए. इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने सफाई का समय बढ़ाने के निर्देश भी दिए.
पर्याप्त प्रकाश होना चाहिए
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने निर्देश दिए कि मैहर रेलवे स्टेशन पर प्रकाश की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए. श्रद्धालुओं के लिए हर समय पेयजल उपलब्ध रहना चाहिए. इसी कड़ी में मेडिकल टीम और एंबुलेंस की उपलब्धतता को लेकर भी उन्होंने निर्देश दिए. इसके अलावा डीआरएम ने पूछताछ के काउंटर बढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया जिससे श्रद्धालुओं को जानकारी प्राप्त करने के लिए भटकना न पड़े. गौरतलब है कि 22 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक शारदेय नवरात्रि मेले को ध्यान में रखते हुए एक ओर जहां जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही तैयारियां आरंभ की जा चुकी हैं. वहीं दूसरी ओर डीआरएम द्वारा भी निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाने के निर्देश दिए गए.
