मुलताई। नगर के बैतूल रोड स्थित भाजपा नगर उपाध्यक्ष स्वाती भार्गव के मकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब स्वाती भार्गव और उनकी पुत्री अपनी दुकान पर गई हुई थीं।
पुलिस के अनुसार, चोर घर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और सामान पार कर गए। जब पीड़ित परिवार घर लौटा तो ताले टूटे मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल चोरी गए सामान का सही आकलन नहीं हो पाया है।
पुलिस ने मौके से एक डीवीआर जब्त किया है, जिसमें दो संदिग्ध चोर घर के भीतर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अन्य सुराग तलाशे जा रहे हैं।
