भिंड: जिले में जनपद पंचायत के सचिव एवं सहायक सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सचिव संघ और सहायक सचिव संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम एडीएम एलके पांडे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद सीईओ पर मनमानी, अमर्यादित व्यवहार और समस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं।सचिव एवं सहायक सचिव संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सिंह भदौरिया और सहायक सचिव संघ के जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि जनपद पंचायत भिंड में बैठक बुलाई गई थी।
वेतन सहित अन्य समस्याओं को लेकर जब संघ के पदाधिकारी जनपद सीईओ से चर्चा करने पहुंचे, तो उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। पदाधिकारियों का आरोप है कि सीईओ ने समस्याएं सुनने के बजाय बैठक करने या परिसर छोड़ने की बात कही। इसके बाद सचिव-सहायक सचिवों ने बैठक का बहिष्कार किया। आरोप है कि जनपद सीईओ द्वारा संघ पदाधिकारियों को अमर्यादित भाषा में संबोधित कर परिसर से बाहर भगाने का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद सचिव-सहायक सचिवों ने आंदोलन छेड़ दिया है।
