नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली-यूपी कॉरिडोर में बस कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रोजाना किफायती किराया दरों पर छह एसी अंतरराज्यीय बस सेवाएं लोगों के लिए उपलब्ध होंगी।
श्री सिंह ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा-2025 के दौरान राजधानी और उत्तर प्रदेश की जनता को एक बड़ा तोहफ़ा देने जा रही है। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) दिल्ली स्थित महाराणा प्रताप आईएसबीटी को उत्तर प्रदेश के बड़ौत से जोड़ने वाली एक नई अंतरराज्यीय एसी बस सेवा शुरू करेगा। इस नई अंतरराज्यीय एसी बस सेवा से दिल्ली और यूपी के बस यात्रियों और छात्रों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और बस से दैनिक यात्रा करने वाले लोगों के विकल्पों में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि यह नई एसी बस सेवा दिल्ली के महाराणा प्रताप आईएसबीटी से शुरू होकर खजूरी खास, भजनपुरा, लोनी बस स्टैंड, यूपी बॉर्डर, लोनी, मंडोला, खेकरा, काठा, बागपत, गौरीपुर, सरूरपुर और ट्योढ़ी से होते हुए बड़ौत तक पहुंचेगी। ठीक इसी तरह बड़ौत से दिल्ली आने वाली एसी बसें ट्योढ़ी, सरूरपुर, गौरीपुर, बागपत, काठा, खेकरा, मंडोला, लोनी, लोनी बस स्टैंड/यूपी बॉर्डर, भजनपुरा और खजूरी खास से होते हुए महाराणा प्रताप आईएसबीटी तक आएंगी।
श्री सिंह ने कहा कि दिल्ली–बड़ौत एसी बस सेवाएं रोजाना सुबह चार बजकर 50 मिनट, पांच बजकर 20 मिनट और पांच बजकर 50 मिनट पर शुरू होकर दिल्ली से बड़ौत तक जाएंगी। वहीं, बड़ौत बस डिपो से दिल्ली की तरफ सुबह सात बजे, सात बजकर 30 मिनट और आठ बजे बसें रवाना होंगी। खासकर शाम के समय बस कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगी। दिल्ली से बड़ौत की ओर शाम पांच बजे, साढ़े पांच बजे और छह बजे एसी बसें चलेंगी, जबकि बड़ौत से दिल्ली की तरफ साढ़े सात बजे, आठ बजे और साढ़े आठ बजे बसें रवाना होंगी। लगभग 60 किलोमीटर लंबे इस अंतरराज्यीय बस रूट के लिए दिल्ली सरकार ने सभी वर्गों के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए बेहद ही किफायती किराया निर्धारित किया है। इन एसी बसों का न्यूनतम किराया मात्र 32 रुपए रखा गया है, जबकि पूरे रूट का अधिकतम किराया केवल 125 रुपए निर्धारित किया गया है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि जल्द ही कई दूसरे रूटों पर भी अंतरराज्यीय एसी बस सेवा शुरू की जाएंगी, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को आसपास के इलाकों के साथ पड़ोसी राज्यों से जोड़ेंगी। इन बस सेवाओं का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही सांस्कृतिक कनेक्टिविटी को मज़बूत करना है। एसी बसों का किराया इतना ही रखा जाएगा ताकि हर वर्ग के लोग इन बस सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सके।

