मणिपुर में बारिश कम होने से लोगों को राहत

इंफाल, 19 सितंबर (वार्ता) मणिपुर में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश शुक्रवार को बंद होने से लोगों को राहत मिली है। इम्फाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, काकचिंग और थौबल जिलों में जलस्तर कम होने के कारण शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग अस्थायी शिविरों से अपने घरों को वापस लौट आये हैं।
लेकिन अभी भी बुजुर्ग और बच्चे घर नहीं लौटे हैं क्योंकि जिन घरों में पानी भर गया था अब उनकी सफाई और मरम्मत की जानी जरूरी है। बार-बार बाढ़ आने के कारण राज्य के मुख्य रेफरल अस्पताल जेएनआईएमएस, इंफाल पूर्व से मरीजों को पूरी तरह से बाहर निकालना पड़ा है। अस्पताल में अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।
बारिश और बाढ़ के कारण मणिपुर प्राणी उद्यान बंद है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, गुरुवार से जलग्रहण क्षेत्रों और राज्य में कम बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। नदियाें, विशेष रूप से नम्बुल, इरिल, इंफाल और कोंगबा में अभी भी पानी का स्तर बहुत ज्यादा हैं। पानी निकालने के लिए इथाई और इंफाल बैराज के द्वार खुले रखे गए हैं। इम्फाल पूर्वी जिले के क्षेत्री बेंगून अवांग लेइकाई में इरिल नदी के टूटे हुए तटबंध और अन्य हिस्सों की गुरुवार को मरम्मत की गयी।
अधिकारियों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने कुछ संवेदनशील इलाकों में तटबंधों को सहारा देने के लिए रेत और मिट्टी का भराव किया है। अधिकांश स्कूल भी खुल गए, हालांकि शैक्षणिक संस्थानों ने घोषणा की है कि जो छात्र बाढ़ के कारण परीक्षा देने में असमर्थ हैं, उन्हें परीक्षा का एक और अवसर दिया जाएगा।
बाढ़ के कारण अनेक स्थानोंं में धान के खेत अभी भी पानी में डूबे हुए हैं और पोरोमपट जल आपूर्ति संयंत्र के बंद हो जाने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस स्टेशन और सरकारी आवासों सहित कई कार्यालय अभी भी पूरी तरह जलमग्न हैं।

Next Post

पेयजल संकट : बारिश में भी एक दिन छोड़कर सप्लाई

Fri Sep 19 , 2025
बैतूल: बारिश के मौसम में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद शहरवासियों को एक दिन छोड़कर ही पेयजल मिल रहा है। करीब सवा लाख की आबादी वाले बैतूल शहर में फिल्टर प्लांट की क्षमता कम होने और टंकियों को भरने में समय लगने से यह स्थिति बनी हुई है।नगर पालिका […]

You May Like