हैदराबाद | बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री आलिया भट्ट के नाम एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (BAFTA) ने 17 फरवरी को 79वें फिल्म अवॉर्ड्स के लिए प्रेजेंटर्स की अपनी स्टार-स्टडेड लिस्ट जारी की, जिसमें आलिया भट्ट का नाम प्रमुखता से शामिल है। वह 22 फरवरी को लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित होने वाले समारोह में एक महत्वपूर्ण अवॉर्ड प्रदान करेंगी। आलिया ने अपनी इस खुशी को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, “अगर आप मुझे पहचान पाएं तो 100 पॉइंट्स मिलेंगे।”
आलिया भट्ट इस साल गेस्ट प्रेजेंटर्स की उस प्रभावशाली सूची का हिस्सा हैं जिसमें ब्रायन क्रैंस्टन, ग्लेन क्लोज, गिलियन एंडरसन और पैट्रिक डेम्पसी जैसे हॉलीवुड के बड़े नाम शामिल हैं। इस समारोह को आधिकारिक तौर पर ‘EE BAFTA फिल्म अवार्ड्स’ कहा जाता है, जिसका उद्देश्य वैश्विक सिनेमा की बेहतरीन प्रतिभाओं को सम्मानित करना है। बाफ्टा ने सोशल मीडिया पर इस रविवार होने वाले आयोजन का उत्साह बढ़ाते हुए प्रशंसकों को बीबीसी वन और अन्य अंतरराष्ट्रीय चैनलों पर लाइव प्रसारण देखने का निमंत्रण दिया है।
आलिया भट्ट से पहले भारतीय सिनेमा की ओर से प्रियंका चोपड़ा (2021) और दीपिका पादुकोण (2024) को बाफ्टा में प्रेजेंटर बनने का गौरव प्राप्त हो चुका है। कान्स और मेट गाला में अपनी शानदार उपस्थिति के बाद अब आलिया का बाफ्टा में शामिल होना उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। इस साल कई नामांकित सितारे जैसे एथन हॉक और माइकल बी. जॉर्डन भी प्रेजेंटर की दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। आलिया की इस उपलब्धि से भारतीय प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

