एनआईए के खिलाफ शिकायत और आरोप निराधार : सरकार

नयी दिल्ली 19 मार्च (वार्ता) केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) के खिलाफ शिकायतों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि एजेन्सी की विभिन्न मामलों की जांच में दोष सिद्धि की दर 95.5 प्रतिशत और आतंक वित्त पोषित मामलों में दोष सिद्धि की दर 100 प्रतिशत है।

श्री राय ने प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के जवाब में कहा कि एनआईए के खिलाफ शिकायत के मामले नहीं हैं और यदि किसी ने आरोप लगाये हैं तो ये मनघडंत तथा निराधार हैं। उन्होंने कहा कि ये आरोप ऐसे लोगों द्वारा लगाये जा रहे हैं जिन्हें एनआईए के कामकाज से बेवजह तकलीफ हो रही है।

उन्होंने कहा कि एनआईए द्वारा दर्ज मामलों की सुनवाई के लिए देश भर में करीब 30 न्यायालय हैं और इनमें अब तक 157 मामलों में निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने बताया कि इन मामलों में दोष सिद्धि की दर 95.5 प्रतिशत और आतंक वित्त पोषित मामलों में दोष सिद्धि की दर 100 प्रतिशत है।

श्री राय ने कहा कि वर्ष 2019 में एनआईए एक्ट में संशोधन किया गया जिसके बाद से एजेन्सी को अब विदेशों में भी जांच का अधिकार मिल गया है। उन्होंने कहा कि अनेक बार आतंकवादी हमलों के तार विदेशों से जुड़े रहते थे इसलिए इन मामलों की समुचित जांच नहीं हो पाती थी लेकिन संशोधन के बाद एजेन्सी को अधिकार मिल गया है।

उन्होंने कहा कि अब एजेन्सी लंदन और ओटावा उच्च आयोगों में हमले सहित छह मामलों की विदेशों में जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आतंकवाद का सफाया करने के लिए वचनबद्ध है।

Next Post

राज्य सभा में स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार के काम की सराहना, ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने का सुझाव

Wed Mar 19 , 2025
नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) स्वास्थ्य मंत्रालय के काम काज पर राज्य सभा में चर्चा के दौरान बुधवार को जहां सत्ता पक्ष के सदस्यों ने सरकार की आयुष्मान योजना और जन औषधि केंद्र योजनाओं को देश में गरीबों के लिए स्वाथ्य सुविधा के विस्तार की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया […]

You May Like