इंदौर: शहर के राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ आरक्षक गुरुवार रात बदमाशों की गोली का शिकार हो गए. वह अपने बीमार पिता को देखने के लिए मुरैना जिले के जौरा गांव जा रहे थे. इसी दौरान ग्वालियर जिले के पनिहार थाना क्षेत्र में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया.राजेन्द्र नगर थाना प्रभारी निरज बिरथरे ने बताया कि आरक्षक प्रमोद त्यागी रात करीब साढ़े 9 बजे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि बाइक पर आए चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया.
आरोपियों ने उनसे मोबाइल और करीब 30 हजार रुपए छीन लिए. विरोध करने पर बदमाशों ने फायर कर दिया. गोली के छर्रे आरक्षक के हाथ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि राहगीरों की मदद से घायल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया. ग्वालियर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चारों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
