इटारसी। नर्मदापुरम जिले के आदिवासी समाज ने नवागत पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस. थोटा से मुलाकात कर वन व आबकारी विभाग पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। प्रतिनिधियों ने गुलदस्ता भेंटकर एसपी का स्वागत किया और समस्याएं साझा कीं।
आदिवासी विकास परिषद के सदस्यों ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी परिवारों को परेशान कर रहे हैं। हाल ही में केसला ब्लॉक के हिरण-चापड़ा गांव में एक युवक को बाघ शिकार के मामले में उठाया गया और उससे अपमानजनक तरीके से उठक-बैठक करवाई गई।
प्रतिनिधियों ने कहा कि थानों में शिकायत दर्ज नहीं की जाती और आबकारी विभाग गरीब महिलाओं पर झूठे प्रकरण बना रहा है, जबकि शहर में खुलेआम शराब बिक रही है। परिषद ने तत्काल कार्रवाई की मांग की।
