जबलपुर: दुर्गोत्सव में पूरे देश में संस्कारधानी की अलग पहचान है, जिसको लेकर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाएं चाक चौबंध करने तैयारियां तेज कर दी गई है। नवरात्र में 28 सौ से अधिक के फोर्स पर सुरक्षा का जिम्मा होगा। सुरक्षा में 5 एएसपी, 16 डीएसपी, 45 थाना प्रभारियों की तैनाती होगी। जिले में कुल 1765 दुर्गा प्रतिमाएं विराजमान होगी जिसमें शहर क्षेत्र में 879 और ग्रामीण क्षेत्र में 886 प्रतिमाएं स्थापित होगी। दशहरा चल समारोह सहित रामलीला समितियों द्वारा करीब एक दर्जन रावणों का दहन करने की तैयारी है।
संवदेनशील क्षेत्रों में होगा सख्त पहरा
पर्व के दौरान संवदेनशील क्षेत्रों जैसे कोतवाली, हनुमानताल, लार्डगंज, गोहलपुर, ओमती समेतअन्य में सुरक्षा का सख्त पहरा होगा। सादे कपड़ों में भी पुलिस फोर्स की तैनाती होगी। इसके अलावा सीसीटीव्ही कैमरों के जरिए भी निगरानी की जायेगी।
तत्वों पर होगी पैनी नजर, डीजे पर रोक
अशांति पैदा करने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की तैयारी कर ली गई है। इसके अलावा विसर्जन जुलूसों में तेज आवाज वाले डीजे के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी।
बाहर से फोर्स बुलाने की भी तैयारी
जिला फोर्स के साथ बाहर से भी पुलिस बल बुलाने की तैयारी है। जरूर पडऩे पर 200 से 300 का बल बाहर से बुलाया जायेगा। एसएएफ, एसटीएफ, क्यूआरएफ, बम स्क्वाड, आरएएफ के जवान भी सुरक्षा में तैनात होंगे।
इनका कहना है
पर्व के दौरान अशांति का वातावरण निर्मित करने और सांप्रदायिक सद्भाव के माहौल को बिगाडऩे की कोशिश करने वालों पर कठोर से कठोर कार्यवाही की जायेगी। नागरिक कौमी एकता एवं सदभावना की मिसाल पेश करते हुये त्यौहार मनायें। त्योहारों के दौरान चाक चौबंद व्यवस्था के साथ साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे है।
आयुष गुप्ता, एएसपी सिटी
