मास्टरशेफ के प्रस्ताेता जॉन टाेरोड बर्खास्त

लंदन, 16 जुलाई (वार्ता) ऑस्ट्रेलियाई-ब्रिटिश सेलिब्रिटी शेफ और टीवी एंकर जॉन टोरोड को सुप्रसिद्ध कार्यक्रम ‘ मास्टरशेफ’ के प्रस्तोता पद से बर्खास्त कर दिया गया है।

उन पर “बेहद आपत्तिजनक नस्लवादी शब्द” का इस्तेमाल करने का आरोप सही पाया गया है। मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान में टीवी शेफ ने कहा कि उन्हें “कुछ याद नहीं” कि उन पर क्या आरोप लगाया गया है। श्री टोरोड ने कहा ‘ काश मुझे अपनी सफाई देने और पक्ष रखने का कोई मौका मिलता। ’

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले दिन में शो की प्रोडक्शन कंपनी ‘बनिजय’ ने कहा कि वह और बीबीसी उनके अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाने पर ‘सहमति’ जता चुके हैं।

गौरतलब है कि मास्टरशेफ को लेकर विवाद पिछले साल शुरू हुआ था जब बीबीसी न्यूज़ ने पहली बार श्री टोरोड के सहयोगी प्रस्तोता ग्रेग वालेस के खिलाफ अनुचित भाषा इस्तेमाल करने के आरोपों का खुलासा किया था। श्री वालेस को पिछले हफ्ते उस समय बर्खास्त कर दिया गया जब अनेक लोगों ने उनके खिलाफ आरोप लगाए थे। हालाँकि श्री वालेस ने हमेशा इन दावों का खंडन किया है।

इस बीच मंगलवार को बीबीसी न्यूज़ से बात करते हुए कंपनी के महानिदेशक टिम डेवी ने श्री टोरोड के ख़िलाफ़ लगे आरोप को “एक गंभीर नस्लवादी शब्द बताया जो किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है”। अपने बयान में श्री टोरोड ने कहा “हालाँकि मैंने बीबीसी या बनिजय में किसी से भी इस बारे में नहीं सुना है । मैं देख और पढ़ रहा हूँ कि मुझे मास्टरशेफ़ से “बर्खास्त” कर दिया गया है।”

उन्होंने कहा “मैं दोहराता हूँ कि मुझे याद नहीं कि मुझ पर क्या आरोप लगाया गया है। जाँच में यह भी नहीं बताया जा सका कि मैंने कब कुछ गलत कहा था।”उन्होंने बताया कि सेलिब्रिटी मास्टरशेफ उनकी आखिरी प्रस्तुति होगी। उन्होंने इसकी शूटिंग हाल ही में खाद्य समीक्षक ग्रेस डेंट के साथ क्रिसमस पर विशेषतौर पर प्रस्तुत किए जाने वाले दो एपिसोड के साथ की थी।

 

 

Next Post

राइस मिलर परीक्षण दल के साथ रखेंगे अपनी बात

Wed Jul 16 , 2025
जबलपुर: राइस मिलर के ऊपर हुई कार्यवाही को लेकर हो रोजाना ही माहौल गरमाया हुआ है। विगत दिवस राइस मिलर ने पत्रकार वार्ता में आयोजित कर अपना पक्ष रखा था। वहीं राइस मिलर ने कलेक्टर दीपक सक्सेना से मुलाकात की है, जिसमें कलेक्टर ने राइस मिलर को अपनी बात रखने […]

You May Like