
श्योपुर। विजयपुर थाना क्षेत्र के दौर्द गांव में जाटव समाज पर हमले के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। जाटव समाज, भीम आर्मी और कांग्रेस सहित पांच संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विजयपुर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रावत समाज के लोग चुनाव के समय से ही दलितों पर अत्याचार कर रहे हैं। उपचुनाव में हार के बाद से आरोपियों ने कई बार हमले किए हैं। बीते रोज भी लाठी, कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर जातिगत अपमान किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। प्रदर्शनकारियों ने विजयपुर थाना प्रभारी पप्पू सिंह यादव को हटाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जाटव समाज का कहना है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके कारण वे बार-बार हमले कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो जाटव समाज उग्र आंदोलन करेगा, जिसमें कांग्रेस और अन्य पार्टियां भी शामिल होंगी।
विजयपुर की तहसीलदार मानिशा मिश्रा ने कहा कि जाटव समाज और अन्य संगठनों ने ज्ञापन दिया है। इसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा।
