डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप में अक्षय शर्मा ने पांच साल बाद जीता खिताब

नूंह (हरियाणा), 24 अप्रैल (वार्ता) चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा ने आठ अंडर 64 का बिना किसी बोगी का
शानदार स्कोर बनाकर हरियाणा के नूंह स्थित क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए 1 करोड़ रुपये इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यह उनका तीसरा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई खिताब है। 35 वर्षीय अक्षय (70-65-70-64) ने कुल 19 अंडर 269 के स्कोर के साथ एक शॉट के करीबी अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की और 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में 37,12,575 रुपये की कुल कमाई के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए।

यह जीत उन्हें पांच साल से अधिक समय बाद मिली। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2020 में पंचकुला गोल्फ क्लब में अपना पिछला खिताब जीता था, जो उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के दौर का परिणाम रहा। गुरुग्राम के ध्रुव श्योरण (69-66-66-69), जो पिछले दिन के लीडर थे, अंतिम राउंड की शुरुआत तीन शॉट की बढ़त के साथ करने के बावजूद कुल 18 अंडर 270 के स्कोर के साथ उपविजेता रहे।
अक्षय ने दिन की शुरुआत संयुक्त तीसरे स्थान से लीडर के चार शॉट पीछे की, लेकिन आठ बर्डी के साथ बेदाग राउंड खेलते हुए शानदार वापसी की। उन्होंने धीरे-धीरे लय बनाई और बैक-नाइन में बढ़त हासिल करने के बाद अंतिम दो होल पर लगातार बर्डी बनाकर जीत सुनिश्चित की
वहीं श्योरण शुरुआत में अपनी बढ़त बनाए रखने में संघर्ष करते दिखे और फ्रंट-नाइन को दो बोगी और दो बर्डी के साथ ईवन पार में खेला। अक्षय ने 10वें होल तक उन्हें पीछे छोड़ दिया और बढ़त और मजबूत कर ली। श्योरण ने पार-5 14वें होल पर ईगल और 16वें होल पर बर्डी बनाकर शानदार वापसी करते हुए अंतर
को दो होल शेष रहते एक शॉट तक घटा दिया।

हालांकि, अंतिम होल पर प्लेऑफ में जाने के लिए उन्हें ईगल की जरूरत थी, लेकिन वह केवल बर्डी ही बना सके और दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। उपविजेता रहने पर श्योरण ने 10 लाख रुपये बनाये और ऑर्डर ऑफ मेरिट में 13वें स्थान से आठवें स्थान पर पहुंच गए। उनकी कुल कमाई अब 28,74,583 रुपये हो गई है। जमाल हुसैन (67-70-68-69), जो पहले राउंड के बाद संयुक्त लीडर थे, अंतिम दिन 69 का स्कोर बनाते हुए कुल 14 अंडर 274 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। करनाल के मणि राम (69-68-70-68) ने एक और स्थिर 68 के राउंड के साथ कुल 13 अंडर 275 का स्कोर बनाकर चौथा स्थान हासिल किया। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट लीडर सप्तक तलवार, जो इस सीजन में पहले ही एक खिताब जीत चुके हैं, सात अंडर 281 के स्कोर के साथ संयुक्त 13वें स्थान पर रहे। तलवार ने 1,51,367 रुपये की कमाई के साथ अपनी कुल कमाई 79,03,067 रुपये तक पहुंचाई और मेरिट लिस्ट में अपनी बढ़त 14 लाख रुपये से अधिक तक बढ़ा ली।

Next Post

अर्शदीप सिंह ने बच्चे के समूह से की मुलाकात

Fri Apr 24 , 2026
न्यू चंडीगढ़, 24 अप्रैल (वार्ता) स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने स्थानीय गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के बच्चों के एक ग्रुप से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। अर्शदीप सिंह ने यह सब पंजाब किंग्स की नई सोशल मीडिया सीरीज, ‘द रियल किंग्स’ के तहत किया। ये बच्चे एक स्थानीय एनजीओ से […]

You May Like