रीवा:दीपावली के त्यौहार को देखते हुए इस समय खाद्य सुरक्षा एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम कार्यवाही कर रही है. नमूने एकत्र करने के साथ मौके पर खाद्य सामग्रियों की जांच हो रही है. त्यौहार के समय ही खाद्य विभाग की नींद टूटती है और धुंआधार छापामार कार्यवाही शुरू होती है.हालाकि अभी तक किसी की दुकान सीज नही की गई है. लगातार नमूने लेकर टीम जांच के लिये भेज रही है. हर बार की तरह इस बार भी जांच रिपोर्ट आने का इंतजार हो रहा है. खाद्य विभाग की संयुक्त कार्यवाही से दुकानदारो में हडकम्प जरूर मचा है.
पिछले एक पखवाड़े से कार्यवाही चल रही है, दुकान, कारखाने में जांच की कार्यवाही टीम कर रही है. कई जगह कमिया उजागर हुई है. खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता के निगरानी के लिये शुरू की गई इस कार्यवाही से दुकानदारो का कारोबार जरूर प्रभावित हो रहा है. गुरूवार को कई जगह टीम ने पहुंचकर नमूने लिये. इन दुकानों से पैक खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए. इन नमूनों की लैब में जाँच की जाएगी. नमूने अमानक पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी. दीपावली त्यौहार तक जिले भर में कार्यवाही जारी रहेगी, उसके बाद भले बंद हो जाए.
शिकायत पर पैक मिठाईयों की चल रही जांच: खाद्य सुरक्षा अधिकारी
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अम्बरीश दुबे ने बताया कि दुकानों और डिपार्टमेंटल स्टोर में पैक्ड नमकीन एवं मिठाइयों की बिक्री की जा रही है. इनकी जाँच का अभियान शुरू किया गया है. डिपार्टमेंटल स्टोर में बिकने वाले रसगुल्ला, सोनपापड़ी एवं नमकीन के संबंध में शिकायत आ रही है कि डब्बों में कम अवधि की एक्सपायरी डेट अंकित रहती है. पैक्ड खाद्य सामग्री के पैकेट में एक्सपायरी डेट संदिग्ध रूप से लिखी रहती है. टीम ने न्यू बस स्टैंड स्थित डिपार्टमेंटल स्टोर इंदौर सेव भंडार, पीली कोठी स्थित डिपार्टमेंट स्टोर, एबीसी सुपरमार्केट एवं बोदा बाग स्थित लक्ष्मी क्यू सुपरमार्केट में जाकर पैक्ड खाद्य पदार्थों की जाँच की. इन दुकानों से कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर इनकी जाँच की जा रही है.
मानिकपुर और ग्वालियर से पहुंच रहा नकली मावा
एक ओर खाद्य विभाग की टीम दुकानदारो के यहा पहुंचकर कार्यवाही कर रही है तो वही दूसरी तरफ यूपी के मानिकपुर और ग्वालियर से नकली मावा की खेप रीवा पहुंच रही है. ट्रेन एवं बस सहित निजी वाहनो से भारी मात्रा में नकली मावा प्रतिदिन रीवा आ रहा है. जानकार सूत्रो ने बताया कि रीवा-ग्वालियर चलने वाली बसो से नकली मावा छतरपुर, सतना होते हुए रीवा पहुंचता है. इसी तरह मानिकपुर क्षेत्र से भी भारी मात्रा में नकली माया रीवा पहुंच कर खपाया जाता है.
बकायदे दलाल सक्रिय है जिनके माध्यम से माया व्यापारियों के यहा पहुंचता है. पूर्व के वर्षो में कई बार मानिकपुर और ग्वालियर से आने वाला मावा पकड़ा भी जा चुका है. लेकिन इस बार खाद्य विभाग की टीम नकली मावा को लेकरसक्रिय नही है, केवल दुकानो में ही पहुंचकर खाद्य सामग्री की जांच के साथ नमूने लिये जा रहे है. सूत्रो ने बताया कि कुछ व्यापारी हैजो मानिकपुर डभौरा होते हुए रीवा मावा लेकर आते है और प्रतिदिन कई क्विंटल माया खपाया जाता है. बाहर से आने वाले नकली मावा पर खाद्य विभाग की टीम शिकंजा नही कस पा रही है.
