बोमन ईरानी ने 44 साल की उम्र में फिल्मों में कदम रखकर साबित किया कि सफलता सही समय मांगती है। उन्होंने वेटर, फोटोग्राफर और अपनी मां की बेकरी चलाने तक कई काम किए।
बॉलीवुड एक्टर बोमन ईरानी आज अपना 66वां जन्मदिन मना रहे हैं। यह मान्यता गलत है कि सफलता पाने के लिए करियर की शुरुआत कम उम्र में ही होनी चाहिए। बोमन ईरानी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने 44 साल की उम्र में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की और आज वह हिंदी सिनेमा के सबसे दमदार एक्टर्स में गिने जाते हैं। मुन्नाभाई MBBS से लेकर 3 इडियट्स तक, बोमन ने ऐसे किरदार निभाए हैं जिन्हें भारतीय सिनेमा कभी भूल नहीं पाएगा।
अपने शुरुआती दिनों में बोमन फिल्मों से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन किस्मत लगातार उनकी जिंदगी में रास्ता बना रही थी। करीब 42 साल की उम्र में उन्हें एक शॉर्ट फिल्म में काम करने का मौका मिला। मन नहीं था, लेकिन उन्होंने हां कर दी। यही छोटा-सा फैसला उनकी सबसे बड़ी सफलता बन गया। दिग्गज फिल्ममेकर विधु विनोद चोपड़ा की नजर जब उस शॉर्ट फिल्म पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत बोमन को बुलाया और मुन्नाभाई MBBS ऑफर कर दी।
