
रीवा। सिटी कोतवाली थाना अन्तर्गत तीन दिन पूर्व वृद्धा से चैन लूटने वाले आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वारदात में एक युवती भी शामिल है. आरोपियों के पास से लूटी गई चैन एवं मोटर साइकल बरामद की गई. पूंछताछ के बाद आरोपियो को न्यायालय में पेश किया गया.
थाना प्रभारी श्रृंगेश राजपूत सिटी कोतवाली ने बताया कि फरियादी कुसुम नामदेव उम्र 70 वर्ष निवासी पाण्डेन टोला 15 सितम्बर को थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट लेख कराई कि वह अपना इलाज कराने संजय गाँधी अस्पताल गई थी. इलाज कराने के बाद पैदल पाण्डेन टोला घर तरफ आ रही थी. समय दोपहर करीबन 02.30 बजे एक व्यक्ति मेरे गले मे पहनी हुई सोने की चैन को गले से खींचकर सामने खड़ी एक मोटर सायकल से भाग गया. मोटर साइकल में एक महिला एवं एक पुरुष बैठे थे. मामला पंजीबद्ध कर घटनास्थल के आस पास के सभी साक्ष्यो को एकत्रित कर तकनीकी माध्यम से संदेही विवेक उर्फ गोलू बेलदार पिता संतोष बेलदार निवासी पाण्डेन टोला एवं अभिषेक महात्मा उर्फ जीजा पिता बलराम महात्मा को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में अपने महिला मित्र अर्पिता रावत पिता शंकर लाल रावत उम्र 20 वर्ष निवासी लउआ लक्ष्मणपुर थाना सगरा के साथ मिल कर लूट की घटना काले रंग की बुलट मोटर सायकल से करना कबूल किया. आरोपीगण के पास से लूटी गई चैन के तीन टुकडे एवं घटना मे प्रयुक्त बुलट मोटर सायकल को बरामद किया गया.
